नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना की 90वीं वर्षगांठ के मौके पर चंडीगढ़ स्थित वायुसेना स्टेशन (सुखना लेक) में पूरी दुनिया को भारत की आसमानी ताकत का एहसास कराया गया। इस खास मौके पर इंडियन एयरफोर्स के जवानों के लिए एक नई लड़ाकू वर्दी भी लॉन्च की गई है। नयी हथियार प्रणाली शाखा के गठन का भी ऐलान किया गया। वायुसेना प्रमुख वी आर चौधरी ने कहा कि हम कर्मियों के लिए नए पैटर्न की लड़ाकू वर्दी पेश कर रहे हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई ने इसकी तस्वीर जारी की है, जिसमें इंडियन एयरफोर्स के जवानों को नई कॉम्बैट वर्दी में देखा जा सकता है। अब से वायुसेना के जवान किसी भी ऑपरेशन के दौरान इसी वर्दी को पहनते दिखेंगे। यह न केवल हल्की है बल्कि बर्फ और पहाड़ से लेकर रेगिस्तान में दुश्मनों की नजरों को धोखा देने वाली है। यह आरामदायक और सभी मौसमों के अनुकूल है। वर्दी पूरी तरह से मेड इन इंडिया है। इस दौरान चंडीगढ़ स्थित वायुसेना स्टेशन में औपचारिक परेड का आयोजन किया गया। एअर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने परेड का निरीक्षण किया, जिसके बाद मार्च-पास्ट किया गया। चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने भारतीय वायुसेना में अधिकारियों के लिए एक हथियार प्रणाली शाखा की स्थापना को मंजूरी दी है। आजादी के बाद वायुसेना में पहली बार एक नयी अभियानगत शाखा बनाई जा रही है। वायुसेना प्रमुख जब आयोजन स्थल पर पहुंचे तो विंग कमांडर विशाल जैन के नेतृत्व में तीन एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टरों ने फ्लाई-पास्ट करते हुए भारतीय ध्वज प्रदर्शित किया। यह पहली बार है, जब वायुसेना ने दिल्ली-एनसीआर के बाहर अपनी वार्षिक वायुसेना दिवस परेड और फ्लाई-पास्ट का आयोजन किया है।
0 Comments:
Post a Comment